Saturday 10 December 2011

जानुशिरासन

जानुशिरासन को महामुद्रा  भी कहते  हैं | यह सरल आसनों  की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण आसन है |
विधि :----
१- सर्वप्रथम आसन पर बैठ जाएँ और अपने दोनों पैर को आगे की ओर इस प्रकार फैला दें कि पंजा बाहर की ओर तना हुआ हो और दोनों हथेलियाँ नितम्ब के अगल बगल आसन पर रहें  |
२- अब दायीं टांग को मोडकर बायीं जांघ से इस प्रकार मिलाएं कि एडी गुदा के साथ सट जाये और दायाँ घुटना जमीन को स्पर्श करता रहे |
३   -धीरे- धीरे श्वास भरते हुए अपने दोनों हाथों को ऊपर उठायें तथा भुजाओं सहित शरीर को ऊपर क़ी ओर बलपूर्वक  खींचे |
४- अब श्वास छोड़ते हुए सामने क़ी ओर कानों के साथ बाज़ू को सटाते हुए आगे क़ी ओर धीरे -धीरे  झुकते जाएँ किन्तु इतना ध्यान रहे क़ि दोनों बाजू पंजे से आगे निकल जाये /अब  माथा घुटने से लगाकर एडी को दोनों हाथों से पकड़ लें |
५-दोनों कोहनियों को जमीन से स्पर्श कराते हुए कुछ देर  तक बाह्य कुम्भक क़ी स्थिति में रुकें |
६- अधिक देर तक रुकने के लिए श्वासों को सामान्य करना  पड़ेगा |
७- अब यथास्थिति में वापस आने के लिए अपने हाथों को पैरों के आगे ले जाएँ और श्वास भरते हुए बाजुओं को दोनों कानों से सटाकर ऊपर क़ी ओर तानें किन्तु  इतना ध्यान रहे क़ि दोनों घुटने यथास्थान ही रहने चाहिए अर्थात वे आसन से ऊपर नहीं उठने चाहिए |  
८- अब श्वास छोड़ते हुए हाथों को दायें बाएं से वापस ले आयें |
९- अब क्रमशः उपरोक्त क्रिया को बायीं टांग से करते हुए दूसरे चरण को पूर्ण करें |
१०  -उपरोक्त क्रियाओं   के दौरान ध्यान स्वाधिष्ठान चक्र पर केन्द्रित होना चाहिए |
परिणाम :- 
१- इस आसन से कमर की मांसपेशियों को अतिरिक्त शक्ति प्राप्त होती है |
 २- यह आसन  यौन रोग दूर करने में सहायक माना जाता है |
३- जांघों और पैरों की मांसपेशियों को सशक्त एवं बलशाली बनाता है |
४- पेट की चर्बी घटाकर कमर को पतली करने में यह आसन सहायक होता है |
५- रीढ़ ,कंधे और गर्दन के दर्द एवं तनाव को दूर करता है और उसे लचीला भी बनाता है |
सावधानियां :-
  १- इस आसन को करते समय यदि शरीर की मांसपेशियों में अनावश्यक तनाव या खिंचाव महशूस हो तो इसे न करें /
 २- आगे झुकते समय यह ध्यान रहे कि  माथे को घुटने से स्पर्श करना है न कि घुटने को माथे से अर्थात 
घुटना उठाकर माथे से स्पर्श न कराएं /
३-स्पेंडलाएटिक्स  के मरीज इस आसन को कदापि न करें /

No comments:

Post a Comment